‘कड़कड़डूमा कोर्ट’ में पुलिसकर्मी को वकीलों ने पीटा

अब तीस हजारी कोर्ट के बाद कड़कड़डूमा कोर्ट में पुलिस और वकीलों में भिड़ंत। 



 


दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में शनिवार को हुई वकील और पुलिस के बीच हिंसा के बाद आज सभी वकील हड़ताल पर हैं। इसी बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है कि कड़कड़डूमा कोर्ट में पुलिस और वकीलों के बीच सोमवार यानी की आज झड़प हो गई।


वकीलों ने एक बार फिर से पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की है। खबरों कि मानें तो मामली सी बात पर वकीलों ने पुलिसकर्मी को पीटना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिसकर्मी को काफी गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि कुछ लोगों के बीच-बचाव करने के बाद पुलिसकर्मी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।


आपको बता दें कि तीस हजारी के विवाद के बाद दिल्ली की अदालतों में पुलिस कर्मियों और वकीलों के बीच कड़वाहट बढ़ती ही जा रही है। शनिवार को हुए वकील और पुलिस विवाद के बाद आज तीस हजारी कोर्ट खुल रहा है लेकिन वकीलों ने आज की हड़ताल का ऐलान शनिवार को ही कर दिया था।


दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में शनिवार को वकीलों और पुलिस के बीच हुई हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस ने उत्तरी दिल्ली के विशेष पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था संजय सिंह को हटा दिया है। दक्षिण दिल्ली के विशेष पुलिस आयुक्त आर.एस. कृष्णैया को उत्तरी दिल्ली का अतिरिक्त प्रभार दे दिया है।