प्राइवेट डॉक्टरों की हड़ताल, बारिश और रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। इसके चलते कई अस्पतालों में अफरातफरी की स्थिति नजर आई। डॉक्टर को दिखाने में अपना नंबर पहले आने की जद्दोजहद में कई जगह लोगों के बीच नोकझोंक के हालात भी बने।
दो दिन के सन्नाटे के बाद अस्पतालों में मरीजों की भीड़ उमड़ी। शनिवार को प्राइवेट डॉक्टरों की हड़ताल के चलते नर्सिंग होम और क्लीनिकों में ओपीडी की सेवाएं बंद रही थीं। उस दिन भारी बारिश होने के चलते जिला अस्पताल में भी काफी कम संख्या में मरीज पहुंचे। अगले दिन रविवार की छुट्टी होने से मरीजों को इंतजार करना पड़ गया। सोमवार सुबह बारिश का माहौल रहने के बावजूद जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में काफी संख्या में मरीज पहुंच गए। सुबह ग्यारह बजे तक मरीजों की भीड़ बढ़ गई। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी लाइन दिखाई दी। चिकित्साधीक्षक डॉ.राजेंद्र कुमार ने बताया कि धूप निकलने और तापमान बढ़ने के बाद मरीजों की संख्या और ज्यादा बढ़ने की संभावना है। गर्मी बढ़ने से बीमारियां बढ़ने का अंदेशा है।