SPAIN में 24 घंटे में कोरोना से 849 लोगों की मौत, देश में 94 हजार से ज्यादा मरीज

स्पेन में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के संक्रमण से रिकॉर्ड 849 लोगों की मौत हो गई, जिससे देश में इस महामारी से मृतकों की संख्या बढ़कर 8,189 हो गई है। सरकार ने मंगलवार (31 मार्च) को यह जानकारी दी। स्पेन में मृतकों के आंकड़े में कल कुछ कमी आई थी। पिछले 24 घंटे में 9,222 लोग इस वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, जिससे पुष्ट मामलों की कुल संख्या बढ़कर 94,417 हो गई है।



स्वास्थ्य मंत्रालय की आपात स्थिति समन्वय इकाई से मारिया जोस सिएरा ने कहा, ''मृतकों की संख्या में थोड़ी कमी आने के बीच इस आंकड़े को एक झटका माना जा रहा है क्योंकि सोमवार (30 मार्च) की संख्या में केवल 8.0 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दिखाई दी थी। यह सच है कि आज मामलों की संख्या में मामूली वृद्धि है।" स्पेन में मैड्रिड सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र है जहां 3,609 लोगों की मौत हुई है और 27,509 लोग संक्रमित हैं। 


 


वहीं, वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच स्पेन ने अंतिम संस्कार में अधिक लोगों के एकत्रित होने और घरों पर जाकर शोक व्यक्त करने पर रोक लगा दी है। नए आदेशानुसार, अंतिम संस्कार के लिए अब तीन से अधिक लोग एकत्रित नहीं हो पाएंगे।


मैड्रिड ने सोमवार (30 मार्च) को घोषणा की ''अलर्ट खत्म होने तक धार्मिक समारोह और लोगों के अंतिम संस्कार के बाद किए जाने वाले अनुष्ठानों पर रोक रहेगी। लोगों को नियंत्रित रखने के लिए देशभर में 11 अप्रैल तक लॉकडाउन घोषित किया गया है।"


नए आदेशानुसार अब केवल तीन लोग ही अंतिम संस्कार के लिए एकत्र हो पाएंगे और लोगों को एक दूसरे से एक-दो मीटर की दूरी बनाए रखनी होगी। स्पेन में कोरोना वायरस की चपेट में आने से अभी तक 7,340 लोगों की जान जा चुकी है। सरकार ने लोगों के घर पर जाकर शोक व्यक्त करने पर भी रोक लगा दी है।